उपचुनाव के फाइनल नतीजे : सीएम धामी ने 55025 मतों से दर्ज की ऐतिहासिक जीत

चंपावत/हल्द्वानी। चंपावत उपचुनाव के फाइनल नतीजे आ चुके हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत उप चुनाव में रिकार्ड मतों से जीत दर्ज…

चंपावत/हल्द्वानी। चंपावत उपचुनाव के फाइनल नतीजे आ चुके हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत उप चुनाव में रिकार्ड मतों से जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी को 55025 मतों से पराजित किया।

उपचुनाव में प्रत्याशी नहीं बचा पाये अपनी जमानत

मुख्यमंत्री धामी के प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस और अन्य प्रत्याशी अपनी जमानत भी नहीं बचा पाये। चंपावत की जनता ने कांग्रेस उम्मीदवार को बुरी तरह नकार दिया। उन्हें 3233 मत मिले। कांग्रेस की अब तक की यह सबसे बुरी हार है।

मुख्यमंत्री धामी को पड़े 58258 वोट

विगत 31 मई को हुए चंपावत उप चुनाव में डाक पत्रों (पोस्टल बेलेट) समेत कुल 62898 मत पड़े। आज हुई मतगणना के अनुसार पुष्कर सिंह धामी को कुल 58258, कांग्रेस प्रत्याशी को 3233, समाजवादी समर्थित मनोज कुमार भट्ट को 413 तथा निर्दलीय हिमांशु गडकोटि को 402 और नोटा को 377 मत पड़े।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहले राउंड में ही अपनी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी पर बढ़त कायम कर ली थी। पहले राउंड में कांग्रेस को मात्र 164 तो धामी को 3856 मत हासिल हुए। अंतिम 13वें राउंड तक धामी अपनी बढ़त को मजबूत करते चले गये।

सीएम धामी ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत

परिणाम स्वरूप सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 55025 वोटों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस उपचुनाव में ईवीएम से 61595 मत और पोस्टल बैलेट से 1088 वोट पड़े थे। सीएम धामी की जीत के बाद से भाजपा में जश्न का माहौल है।

डाक मत पत्रों में भी कांग्रेस भाजपा से पीछे रही और यहां धामी को 990 तो कांग्रेस को मात्र 86 मत हासिल हुए। इसी प्रकार समाजवादी समर्थित उम्मीदवार को पोस्टल बेलेट के माध्यम से केवल चार मत मिले।

धामी की जीत से भाजपा में खुशी की लहर है। नैनीताल की विधायक सरिता आर्य और भाजपा नेता शांति मेहरा ने इसे चंपावत तथा उत्तराखंड की जनता की जीत बताया।

खटीमा विधानसभा से हारे थे पुष्कर सिंह धामी

उल्लेखनीय है कि खटीमा से विधानसभा उपचुनाव हारने के बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चंपावत से होने वाले उप चुनाव के लिये प्रत्याशी घोषित किया था। चंपावत के निवर्तमान विधायक कैलाश चंद्र गहतोड़ी ने उनके लिये सीट खाली की थी। धामी खटीमा से कांग्रेस के भुवन चंद्र कापड़ी से सात हजार से अधिक मतों से विधानसभा चुनाव हार गये थे।

दुःखद : उत्तराखंड का लाल देश की सीमा पर शहीद, मुख्‍यमंत्री धामी ने किया शत-शत नमन

पीएम मोदी और सीएम योगी ने ट्वीट कर धामी को दी ऐतिहासिक जीत की बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को उत्तराखंड की चंपावत विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी और विश्वास जताया कि इस पहाड़ी प्रदेश की प्रगति के लिए वह और कड़ी मेहनत से काम करेंगे। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘उत्तराखंड के प्रभावशाली मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चंपावत से रिकार्ड मतों से जीत हासिल करने पर बधाइयां। मुझे भरोसा है कि उत्तराखंड की प्रगति के लिए वह और कड़ी मेहनत से काम करेंगे।

मैं चंपावत की जनता को भाजपा पर विश्वास जताने के लिए धन्यवाद देता हूं और अपने कार्यकर्ताओं के परिश्रम की सराहना करता हूं।’’ चंपावत उपचुनाव में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 55,025 मतों के अंतर से जीत हासिल की। हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 70 में से 47 सीटें जीतकर प्रदेश में लगातार दूसरी बार सत्ता में आने का इतिहास रचा लेकिन धामी स्वयं खटीमा विधानसभा सीट से चुनाव हार गए थे।

योगी ने ट्वीट कर दी ऐतिहासिक जीत की बधाई

योगी आदित्यनाथ ने पुष्कर सिंह धामी को बधाई देते हुए लिखा, देवभूमि उत्तराखंड के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी को चम्पावत विधानसभा के उपचुनाव में ऐतिहासिक विजय प्राप्त करने की हार्दिक बधाई। यह विजय आदरणीय प्रधानमंत्री जी की लोक-कल्याणकारी नीतियों, आपके विकासपरक नेतृत्व और भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम को समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *