Uttarakhand : देहरादून कैंट से भाजपा विधायक हरबंस कपूर का निधन, पार्टी में शोक की लहर – सीएम धामी समेत कई हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून। भाजपा के वरिष्ठ नेता और आठ बार देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हरबंस कपूर का आकस्मिक निधन हो गया। उनका दोपहर बाद…

देहरादून। भाजपा के वरिष्ठ नेता और आठ बार देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हरबंस कपूर का आकस्मिक निधन हो गया। उनका दोपहर बाद लक्खीबाग श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। वे पूरी तरह स्वस्थ थे और पार्टी की तमाम बैठक और अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय थे।

रविवार को भी उन्होंने विभिन्न बैठकों में प्रतिभाग किया। रात को वे भोजन करने के बाद अपने इंद्रा नगर स्थित आवास पर सो गए थे। सुबह जब उन्हें चाय पीने के लिए उठाया गया तो वे नहीं उठे। वे अभी 75 वर्ष के थे। हरबंस कपूर के निधन से पार्टी और उनके क्षेत्र के लोगों में भी शोक व्याप्त है। हरबंश कपूर 1989 से लगातार आठ बार विधायक चुने गए थे। उन्होंने उत्तराखंड विधानसभा के अध्यक्ष पद का भार भी संभाला था। उत्तर प्रदेश के जमाने से आज तक लगातार विधायक रहे।

विधायक कपूर की मौत की खबर मिलते ही पार्टी के नेताओं के साथ ही समर्थकों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया है। कपूर जनता की समस्याओं को लेकर हमेशा सजग रहते थे, हरबंस कपूर भाजपा के बेहद सहज और शालीन नेता थे। उनकी जनता में अच्छी पकड़ थी।

बीजेपी के वरिष्ठ नेता हरबंस कपूर के निधन पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सभी के मार्गदर्शक रहे हरबंस कपूर का निधन एक युग का अंत है। इस अपूरणीय क्षति को भर पाना मुमकिन नहीं है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंट देहरादून के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हरबंस कपूर जी के आवास पर जाकर उनको भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढाढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरबंस कपूर जी राजनैतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा मुखर रहे। लगातार 8 बार विधानसभा का चुनाव जीतना उनकी लोकप्रियता को साबित करता है। मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की है।

नाम है लगातार आठ बार विधायक बनने का रिकार्ड

सात जनवरी 1946 को जन्मे हरबंस कपूर एक कुशल राजनीतिज्ञ रहे हैं। वे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और कैंट विधानसभा सीट से विधायक थे। कैंट क्षेत्र में उनका ही दबदबा रहा है। उन्होंने लगातार आठ बार इस सीट पर काबिज हुए। इससे जनता के बीच उनकी पकड़ का भी अंदाजा लगाया जा सकता है। हरबंस कपूर 2007 से 2012 तक उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष भी रह चुके हैं। 1985 में उन्हें पहली हार मिली थी, लेकिन इसके बाद से वे कभी विधानसभा चुनाव नहीं हारे और लगातार आठ बार विधायक बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *