ALMORA NEWS: अगली बार कांग्रेस सरकार—मदन बिष्ट, बोले—चेहरा बदलने से न तो विकास और न ही कोई फायदे की आस

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ाकांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं द्वाराहाट के पूर्व विधायक मदन बिष्ट ने प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा मुख्यमंत्री बदले जाने संबंधी सवाल पर…

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं द्वाराहाट के पूर्व विधायक मदन बिष्ट ने प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा मुख्यमंत्री बदले जाने संबंधी सवाल पर कहा कि चेहरा बदल जाने से न तो विकास की गंगा बहेगी और न ही भाजपा को कोई फायदा होने वाला। उन्होंने साफ कहा कि अगले साल राज्य मेंं कांग्रेस सत्तारूढ़ होगी, क्योंकि भाजपा सरकार आने के बाद जनता अच्छे दिनों का इंतजार करते रह गई। संक्षिप्त दौरे पर अल्मोड़ा पहुंचे श्री बिष्ट ने यहां सीएनई से विशेष बातचीत में यह बात कही।
प्रदेश में मुख्यमंत्री बदल जाने संबंधी सवाल पर पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मदन बिष्ट ने कहा कि वर्ष 2007 के चुनाव में भाजपा सत्ता में आई और तब भी मुख्यमंत्री बदले गए, लेकिन इसका कोई फायदा भाजपा को नहीं हुआ। इसके बाद वर्ष 2012 में जनता ने राज्य की बागडोर कांग्रेस को सौंपी। ऐसा ही इस बार भी मुख्यमंत्री बदले गए हैं। इससे कोई बड़ा फर्क नहीं पड़ने वाला है, क्योंकि मुख्यमंत्री या चेहरे बदलने से न तो महंगाई कम होने वाली है और न ही बेरोजगारी। उन्होंने कटाक्षपूर्ण सवाल छोड़ते हुए कहा कि क्या मुख्यमंत्री बदलने से महंगाई कम हो जाएगी, क्या बेरोजगारी मिट जाएगी, क्या पहाड़ की पानी, बिजली, सड़क व अन्य जरूरतों की पूर्ति हो जाएगी। कांग्रेस के तेजतर्रार नेता श्री बिष्ट ने कहा उन्हें नहीं लगता कि चेहरा बदल देने से विकास की गंगा बह जाएगी और बेरोजगारी व महंगाई से ​मुक्ति मिल जाएगी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री बदलने से न तो जनता को कोई फायदा होगा और न ही भाजपा को।
पूर्व विधायक मदन​ बिष्ट ने एक अन्य सवाल पर कहा कि भाजपा के शासन से जनता त्रस्त है और भले दिन नहीं दिखने से जनता का भाजपा से मोह भंग हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब वर्ष 2022 के चुनाव में कांग्रेस ही सत्तारूढ़ होगी। द्वाराहाट के विधायक महेश नेगी पर लगे यौन शोषण के आरोप के संबंध में उन्होंने कहा कि मामले पर कानून अपना काम कर रहा है। कुछ भी हो एक दिन दूध का दूध और पानी का पानी तो होना है। उन्होंने कहा कि भले ही कोई दोषी खुद को कितना ही बचाने का प्रयास कर ले, मगर कानून के हाथों कोई दोषी बच नहीं सकता। इस दौरान उनके साथ पारितोष जोशी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *